कलेक्टर प्रीति यादव के नेतृत्व में परम्परागत कृषि विकास योजना कार्यशाला आयोजित

जिले में किसान कल्याण वर्ष-2026 के अंतर्गत परम्परागत कृषि विकास योजना (PKVY) के तहत मधुबन गार्डन में एक विशेष कार्यशाला आयोजित की गई। कलेक्टर श्रीमती प्रीति यादव के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यशाला का उद्देश्य किसानों को जैविक एवं प्राकृतिक खेती अपनाने, नरवाई प्रबंधन तथा फसल विविधिकरण के प्रति जागरूक करना था।

उप संचालक किसान कल्याण एवं कृषि विकास, श्री विजय चौरसिया ने बताया कि योजना के अंतर्गत मेसर्स पतंजलि रिसर्च ऑर्गेनिक प्रा.लि. को 1000 हेक्टेयर और क्यूसिल एग्रीटेक प्रा.लि. को 500 हेक्टेयर क्षेत्र आवंटित किया गया है। इन क्षेत्रों में किसानों के जैविक उत्पादों का प्रमाणीकरण, ब्रांडिंग एवं मार्केटिंग PGS इंडिया पोर्टल के माध्यम से किया जाएगा।

नरवाई प्रबंधन और फसल विविधिकरण पर विशेष ध्यान

कार्यशाला में किसानों को नरवाई प्रबंधन के महत्व की जानकारी दी गई। उन्हें स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम, सीबीजी प्लांट उपयोग, हैप्पी सीडर और जीरो टिलेज तकनीक अपनाने की सलाह दी गई। विशेषज्ञों ने आगाह किया कि नरवाई जलाने से मिट्टी की उर्वरता प्रभावित होती है। नरवाई प्रबंधन हेतु अनुदान भी उपलब्ध है।

कृषि विज्ञान केन्द्र, आगर-मालवा के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. ए.के. दीक्षित ने फसल विविधिकरण, सूक्ष्म पोषक तत्व प्रबंधन और परम्परागत खेती प्रणाली पर जानकारी दी। वहीं, कृषि विज्ञान केन्द्र उज्जैन की डॉ. सविता कुमारी ने प्राकृतिक खेती के विभिन्न घटकों के लाभों पर प्रकाश डाला।

जैविक प्रमाणीकरण और पंजीयन

जिला समन्वयक पतंजलि ऑर्गेनिक रिसर्च इंस्टीट्यूट, श्री जुझार सिंह नागर ने बताया कि आवंटित 1000 हेक्टेयर क्षेत्र में किसानों का चयन कर पीजीएस पोर्टल पर जैविक प्रमाणीकरण हेतु पंजीयन किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि जिले की जलवायु मसाला एवं औषधीय फसलों के लिए अनुकूल है।

परियोजना प्रबंधक क्यूसिल एग्रीटेक प्रा.लि., श्री प्रशांत परिहार ने बताया कि 500 हेक्टेयर क्षेत्र में भी किसानों का चयन कर पंजीयन पूर्ण कर लिया गया है।

कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी डॉ. किरण ठाकुर ने किया और अंत में उपस्थित कृषकों एवं विशेषज्ञों का आभार व्यक्त किया गया।