भोपाल में बालिका सुरक्षा एवं सायबर क्राइम अवेयरनेस पर एक दिवसीय कार्यशाला का सफल आयोजन

संभागीय संयुक्त संचालक, महिला एवं बाल विकास विभाग, भोपाल संभाग और ओरिएंटल इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी के कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग विभाग के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को बालिका सुरक्षा एवं सायबर क्राइम अवेयरनेस पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करना और डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित उपयोग सुनिश्चित करना था।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता श्री वरुण कपूर, आईपीएस, डायरेक्टर जनरल जेल, मध्यप्रदेश पुलिस, भोपाल ने छात्रों को सायबर अपराधों के विभिन्न प्रकारों, उनसे बचने के उपायों और डिजिटल प्लेटफॉर्म के सुरक्षित उपयोग के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। श्री कपूर ने अपनी संवादात्मक शैली में छात्रों को सक्रिय रूप से सहभागी बनाते हुए उन्हें ऑनलाइन गतिविधियों के दौरान सतर्क और जागरूक रहने का संदेश दिया।

इस कार्यशाला में महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त संचालक श्रीमती नकी जहाँ कुरैशी, परियोजना अधिकारी श्री मृदुल मालवीय, श्री धर्मेन्द्र अग्रवाल तथा श्रीमती अर्चना बाजपेई सहित सभी सुपरवाइजर उपस्थित रहे। साथ ही, ओरिएंटल यूनिवर्सिटी के ऑनरेटल प्रो चांसलर श्री गौरव ठकराल और ओरिएंटल इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी के निदेशक डॉ. राजेश के. शुक्ला भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

कार्यशाला के दौरान जिन विद्यार्थियों ने श्री कपूर के प्रश्नों के सही उत्तर दिए, उन्हें विशेष रूप से सम्मानित किया गया। अर्जिता, तन्वी और विभांश को गोल्डन बैज और सर्टिफिकेट प्रदान किए गए।

यह कार्यशाला साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और छात्रों को डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित उपयोग सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुई।