संभागायुक्त ने किया सीहोर की प्रगतिशील मत्स्य कृषकों की युनिटों का निरीक्षण

संभागायुक्त श्री संजीव सिंह ने सीहोर जिले के ग्राम हसनाबाद में पीएम मत्स्य संपदा योजना के तहत स्थापित प्रगतिशील मत्स्य कृषकों की युनिटों का निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने योजना के संचालन की विस्तृत जानकारी दी।

फिश फीड मील का निरीक्षण

संभागायुक्त श्री सिंह ने श्रीमती मुस्कान सिंह की फिश फीड मील का निरीक्षण किया। मील में मछलियों के लिए दाना तैयार किया जाता है। श्री सिंह ने उत्पादन प्रक्रिया, गुणवत्ता नियंत्रण व्यवस्था, और कच्चे माल के भंडारण की जानकारी ली। उन्होंने उच्च गुणवत्ता का फिश फीड उपलब्ध कराने पर जोर दिया ताकि मत्स्य उत्पादन में वृद्धि हो सके।

बायोफ्लॉक पोंड यूनिट का अवलोकन

श्री सिंह ने प्रगतिशील किसान श्री जीवन सिंह की बायोफ्लॉक पोंड यूनिट का भी निरीक्षण किया। श्री जीवन सिंह ने बताया कि वे पोंड में 08 से 10 हजार पंगेशियस मछली के बच्चे डालते हैं, जिसमें 4.50 लाख रुपये का खर्च आता है। 07 से 08 माह में 7.5 टन से 8.5 टन उत्पादन होता है, जिससे लगभग 3.75 लाख रुपये का शुद्ध लाभ मिलता है।

श्री सिंह ने किसानों को नवीन तकनीक और वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया, जिससे वे मछली पालन व्यवसाय से अच्छा लाभ कमा सकते हैं। निरीक्षण के दौरान संयुक्त आयुक्त श्री विनोद यादव, सहायक संचालक श्री प्रशांत हर्ष सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

बायोफ्लॉक पोण्ड तकनीक की विशेषताएँ

सहायक संचालक श्री प्रशांत हर्ष ने बताया कि बायोफ्लॉक पोण्ड मत्स्य उत्पादन की नवीन तकनीक है। इसमें पोण्ड में निरंतर ऑक्सीजन सप्लाई कर बैक्टीरिया का फ्लॉक बनाया जाता है, जो पानी से हानिकारक गैसों को कम करता है। यह तकनीक कम पानी, कम जगह, और कम फीड में काम करती है।

संभागायुक्त श्री सिंह ने किसानों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि यदि वे नवीन तकनीक का उपयोग करें तो मत्स्य पालन व्यवसाय से अधिक लाभ कमा सकते हैं।