कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने किया ई-दक्ष कक्ष का उद्घाटन

कलेक्टोरेट परिसर में आज कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने ई-दक्ष कक्ष का भव्य उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कलेक्टोरेट परिसर की सुरक्षा और सुव्यवस्था को प्राथमिकता देने की बात कही।

डॉ. मिश्रा ने कहा कि बाहरी कार्यालयों को परिसर के भीतर लाने का प्रयास किया जाएगा और पूरे परिसर को सुरक्षित बाउंड्रीवॉल से घेरा जाएगा। उन्होंने सामने स्थित दुकानों को भी व्यवस्थित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कार्यालयों को साफ-सुथरा और सुव्यवस्थित रखने पर जोर देते हुए कहा कि यह सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने पूर्व में इस कक्ष में रखे कचरे को हटाने के लिए किए गए संयुक्त प्रयास की सराहना की, जो यह दर्शाता है कि मिलकर कार्य करने से सकारात्मक परिवर्तन संभव है।

डॉ. मिश्रा ने निर्देश दिया कि इस कक्ष को प्रशिक्षण के लिए पूर्णतः सुव्यवस्थित बनाया जाए, ताकि कर्मचारियों को बेहतर प्रशिक्षण सुविधा मिल सके। उद्घाटन के दौरान उन्होंने कर्मचारियों से सुझाव भी प्राप्त किए और कार्यालय में और किन-किन व्यवस्थाओं को बेहतर बनाया जा सकता है, इस पर चर्चा की।

उन्होंने कहा कि प्राप्त सुझावों के आधार पर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे। डॉ. मिश्रा ने कहा कि स्वच्छ एवं व्यवस्थित वातावरण होने से आमजन को दी जाने वाली सेवाएं अधिक प्रभावी एवं सुचारू हो जाती हैं।

ई-दक्ष केंद्र में कर्मचारियों को iGOT Karmayogi के माध्यम से प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस अवसर पर संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।