जल है तो कल है” के संदेश के साथ जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत जिले में व्यापक जनभागीदारी अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर डॉ. गिरिश कुमार मिश्रा के निर्देशन में स्थानीय प्रशासन ने इस अभियान को जिले में सक्रिय रूप से संचालित किया। विकासखण्‍ड सारंगपुर स्थित भगवान कपिल मुनि की पावन तपोस्थली एवं माँ कृष्णा सिंधु के दिव्य तट पर मुख्‍यमंत्री डॉ. मोहन यादव के जन्मदिन अवसर पर, स्वच्छता और जल संरक्षण की दिशा में अधिकारियों, कर्मचारियों और सामाजिक–धार्मिक संस्थाओं ने मिलकर श्रमदान किया। इस कार्य में प्रदेश सरकार राज्यमंत्री (स्‍वतंत्र प्रभार) कौशल विकास एवं रोजगार विभाग श्री गौतम टेटवाल के नेतृत्व में स्थानीय जनता ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

साथ ही अभियान में नगर पालिका अध्यक्ष श्री पंकज पालीवाल, पचोर नगर पालिका अध्यक्ष श्री विकास करोड़िया, श्री निलेश वर्मा, जन अभियान परिषद, महादेव मित्र मंडल और पर्यावरण प्रेमी दल के सदस्य सहित अन्य नागरिकों ने भी सहयोग किया। सभी के सामूहिक प्रयासों से यह अभियान जन-जागरूकता और प्रेरणा का प्रतीक बना। अभियान के तहत नदी और घाट की सफाई के साथ-साथ जल संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया गया। इस पहल से क्षेत्र में जल संरक्षण की महत्ता को व्यापक रूप से समझाया जा रहा है और नदी का जल शुद्ध एवं संरक्षित रहेगा।