जिले में कलेक्टर डॉ. गिरिश कुमार मिश्रा के निर्देशन में जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत व्यापक स्तर पर जनभागीदारी आधारित गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसी क्रम में नगर परिषद कुरावर में अभियान का शुभारंभ जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में किया गया, जिसमें स्थानीय नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। अभियान के तहत नगर में शुद्ध पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न प्रमुख स्थानों पर प्याऊ स्थापित किए गए, जिससे आमजन को भीषण गर्मी में राहत मिल सके। साथ ही, सार्वजनिक जल स्रोतों को सुरक्षित और स्वच्छ बनाए रखने के उद्देश्य से कुओं की साफ-सफाई कर उनमें ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव किया गया, ताकि जलजनित बीमारियों की रोकथाम की जा सके।
साथ ही नगर परिषद द्वारा बड़े नालों की सघन साफ-सफाई अभियान चलाया गया, जिससे गंदे पानी का प्रवाह नियंत्रित हो और जल स्रोतों का प्रदूषण कम किया जा सके। इसके अतिरिक्त पर्यावरण संरक्षण और जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशीलता दर्शाते हुए नगर के विभिन्न स्थानों पर पशु-पक्षियों के लिए सकोरे एवं पानी से भरे कुंड रखे गए, ताकि गर्मी के मौसम में उन्हें पर्याप्त पानी उपलब्ध हो सके। इस अभियान के माध्यम से प्रशासन द्वारा जल संरक्षण को एक जनआंदोलन का रूप देने का प्रयास किया जा रहा है। आमजन को जल के महत्व के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें जल स्रोतों के संरक्षण और स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत किए जा रहे ये प्रयास न केवल जल संरक्षण को बढ़ावा देंगे, बल्कि नगर में स्वच्छ, स्वस्थ एवं संतुलित पर्यावरण के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
Continue With Google
Comments (0)